नेशनल एलिजिबिलिटी एंट्रेंस टेस्ट (नीट) परीक्षा के सॉल्वर गैंग के अहम सदस्य लोहिया संस्थान के रेजीडेंट डॉ. सचिन कुमार मौर्या को बर्खास्त कर दिया गया। रेजीडेंट मेडिसिन विभाग में कार्यरत था। मंगलवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। पुलिस के साथ एसटीएफ ने सॉल्वर गैंग के नेटवर्क का पता लगाने के लिए रेजीडेंट व उसके साथियों से घंटों पूछताछ की।
डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के मेडिसिन विभाग में नॉन एकेडमिक रेजीडेंट के पद पर तैनात डॉ. सचिन कुमार मौर्या सोमवार से लापता था। संस्थान के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें सचिन की कारस्तानी की जानकारी नहीं थी। उसके साथियों ने फैकल्टी को सचिन के लापता होने की जानकारी दी तो उन्होंने पुलिस से संपर्क कर रेजीडेंट का पता लगाने की अपील की।
लोहिया संस्थान ने जब डॉ. सचिन के बारे में जानकारी दी तो पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी दी। संस्थान के चिकित्सा अधीक्षक व मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विक्रम सिंह के मुताबिक, डॉ. सचिन को बर्खास्त कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि सचिन की तैनाती 59 दिनों के लिए हुई थी।