प्रदेश मंत्रिमंडल में इसी सप्ताह फेरबदल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार शाम राज्यपाल राम नाईक से मुलाकात कर उन्हें मंत्रिमंडल में फेरबदल करने संबंधी अपने फैसले की जानकारी दी।
माना जा रहा है कि लगभग एक दर्जन मंत्रियों की छुट्टी के साथ ही मंत्रिमंडल में कुछ नए युवा चेहरों को शामिल किया जा सकता है। वहीं अखिलेश के भरोसेमंद कुछ राज्यमंत्रियों को तरक्की दी जा सकती है। शपथ ग्रहण समारोह 31 अक्तूबर को होने की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्रिमंडल में फेरबदल के संकेत दिए थे। मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को उड़ीसा के दौरे पर जा रहे हैं।
इससे पहले बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे वे राजभवन पहुंचे और करीब आधा घंटा तक वहां रहे। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को बताया कि वे मंत्रिमंडल में फेरबदल करना चाहते हैं। इसके लिए वे अपनी सुविधानुसार तिथि तय करके बता दें।