मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात के दौरान सपा का प्रतिनिधिमंडल।
- फोटो : amar ujala
सपा ने चुनाव आयोग से रामपुर के डीएम को हटाने की मांग की है। कहा, वह पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां के प्रति द्वेषपूर्ण रवैया रख रहे हैं। उनके रहते रामपुर में निष्पक्ष चुनाव मुमकिन नहीं है। साथ ही डीजीपी को हटाने की अपनी पूर्व मांग भी आयोग के सामने दोहराई।
सपा का एक प्रतिनिधिमंडल विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी की अगुवाई में शनिवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू से मिला और उन्हें पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव का एक पत्र सौंपा।
इसमें कहा गया है कि डीएम आंजनेय कुमार सिंह पिछले महीने वहां आए हैं। वे आजम खां के प्रति द्वेषपूर्ण आचरण कर रहे हैं ताकि वहां चुनाव में भाजपा के पक्ष में माहौल बने। डीएम वहां अपर जिलाधिकारी प्रशासन जगदंबा प्रसाद गुप्ता, उप जिलाधिकारी पीपी तिवारी और नगर मजिस्ट्रेट सर्वेश कुमार गुप्ता की मदद से आजम खां के कराए विकासकार्यों को ध्वस्त करा रहे हैं।
थानागंज प्रभारी नरेंद्र त्यागी की भी इसमें शामिल हैं। इन सबके रहते वहां निष्पक्ष मतदान की अपेक्षा नहीं की जा सकती है। पत्र में आजम के खिलाफ की गई कार्यवाहियों की भी जानकारी दी गई है।
सपा ने आजम व उनके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की भी मांग की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी और सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल भी शामिल थे।