लखनऊ के ठाकुरगंज में रविवार रात सतखंडा के पास स्थित रजा मेडिकल स्टोर और अवध इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप में चोरी की वारदात का 24 घंटे में खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। चोरों के पास से साढ़े आठ लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है।
खास बात यह है कि मेडिकल स्टोर संचालक सईद रजा ने 30 हजार रुपये नकद चोरी होने की जानकारी दी थी, जबकि चोरों ने साढ़े सात लाख रुपये उड़ाने की बात कुबूल की है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने परिजनों से चोरी की रकम छिपाने के उद्देश्य से कम रकम बताई थी।
एसीपी चौक आईपी सिंह ने बताया कि पकड़े गए चोर ठाकुरगंज के रईसनगर निवासी अब्दुल्ला, नैपियर रोड पर रहने वाला दिलशाद और नैपियर रोड पार्ट टू निवासी व वर्तमान में तालकटोरा में करबला दूध डेयरी के पास रहने वाला मो. फाजिल है। अब्दुल्ला गिरोह का सरगना है।
तीनों ने मिलकर ठाकुरगंज व शहर के अन्य इलाकों में चोरी की कई वारदातें की हैं। अब्दुल्ला के खिलाफ ठाकुरगंज में ही चोरी के सात मुकदमे दर्ज हैं तो दिलशाद और मो. फाजिल के खिलाफ पांच-पांच केस हैं। तीनों को सोमवार शाम बंधा रोड शनिदेव मंदिर ढाल से दबोचा गया।