लखनऊ। दिवाली बाद राजधानी से लौटने वालों का सिलसिला शुरू हो गया है। रविवार को सबसे ज्यादा भीड़ लौटेगी। इस कारण 26 अक्तूबर की उड़ानों का किराया आसमान छू रहा है। मुंबई, बंगलूरू के हवाई टिकट पांच तो दिल्ली के चार गुना महंगे बिक रहे हैं। उधर, रविवार को ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग है।
लखनऊ से शुक्रवार व शनिवार को बंगलूरू की इंडिगो की फ्लाइट का टिकट 8077, अकासा एयर का 8701 व एयर इंडिया एक्सप्रेस का 9134 रुपये में मिल रहा है। रविवार को एयर इंडिया एक्सप्रेस की रात नौ बजे की उड़ान का किराया 16,167 रुपये पहुंच गया है। अकासा एयर की रात की सीधी उड़ान का टिकट 16,301 व इंडिगो की शाम पांच बजे की फ्लाइट का टिकट 22,882 रुपये में मिल रहा है।
दिल्ली के लिए इंडिगो की सुबह दस बजे की उड़ान का टिकट 11818 रुपये, एयर इंडिया की सुबह आठ बजे का 10480 और एयर इंडिया एक्सप्रेस का टिकट 9449 रुपये में मिल रहा है। शुक्रवार व शनिवार को इंडिगो का टिकट 5571, एयर इंडिया का 7311 रुपये में मिल रहा है।
मुंबई के लिए रविवार की सीधी उड़ान का टिकट 21,952 रुपये तक पहुंच गया है। इंडिगो की सीधी उड़ान 24,126 रुपये व एयर इंडिया का टिकट 19,724 रुपये में मिल रहा है। शुक्रवार व शनिवार को इंडिगो की उड़ान 6276 रुपये, अकासा एयर का टिकट 6696 रुपये व एयर इंडिया का 16970 रुपये में मिल रहा है।
ट्रेनें भी रहेंगी खचाखच
लखनऊ से दिल्ली जाने वाली तेजस की चेयरकार में शुक्रवार, शनिवार व रविवार को वेटिंग 30, 49, 129 है। वंदे भारत की चेयरकार में 41, 80, 154 वेटिंग, शताब्दी की चेयरकार में 41, 84, 167, डबलडेकर एक्सप्रेस की चेयरकार में शुक्रवार को 17 व रविवार को 90 वेटिंग है। एसी एक्सप्रेस की थर्ड एसी में इन दिनों में 55, 127, 175 वेटिंग है। लखनऊ मेल की स्लीपर में 101, 124, 155 व थर्ड एसी में 33, 75, 79 वेटिंग है। मुंबई जाने वाली गोरखपुर पनवेल की स्लीपर में 89, रिग्रेट, 90 व थर्ड एसी में 37, 67, 51 वेटिंग है। पुष्पक एक्सप्रेस की स्लीपर में रिग्रेट, 74, 82 व कुशीनगर एक्सप्रेस में इन दिन रिग्रेट चल रहा है। अन्य स्पेशल व रेगुलर ट्रेनों में भी वेटिंग है।
300 अतिरिक्त बसें देंगी राहत
यात्रियों की सहूलियत के लिए रोडवेज 980 बसें चला रहा है। रविवार को 300 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इससे गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, प्रयागराज, वाराणसी, कुशीनगर, गाजियाबाद, मुरादाबाद, शाहजहांपुर, सीतापुर, लखीमपुर आदि जिलों के यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।