लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार में चाय के पैसे को लेकर हुए विवाद में गोली चलाकर हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार पूर्व मंत्री बादशाह सिंह के बेटे कुंवर सूर्यदेव सिंह उर्फ शिवा को कोर्ट से राहत मिल गई। प्रभारी सीजेएम रत्नशेखर निर्मल ने पुलिस की न्यायिक रिमांड अर्जी खारिज करते हुए आरोपी को 20 हजार रुपये के निजी मुचलके पर रिहा करने का आदेश दिया।
विज्ञापन
बचाव पक्ष के वकील ने गिरफ्तारी को बिना ठोस साक्ष्य के बताते हुए रिमांड का विरोध किया। केस डायरी में शेखर कौशल पर गोली चलाने का आरोप है। कोर्ट ने केस डायरी और गवाहों के बयानों का हवाला देते हुए कहा कि 16 नवंबर को ग्रीनवुड चौराहे के पास हुई इस घटना में आरोपी की फायरिंग में कोई भूमिका नहीं मिली। उसकी मौके पर मौजूदगी और वारदात में शामिल होने का भी साक्ष्य नहीं है। ऐसे में न्यायिक रिमांड मंजूर करने का आधार नहीं बनता।