लखनऊ। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में बीटेक की आधी सीटों पर विश्वविद्यालय कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) की काउंसिलिंग प्रक्रिया से दाखिले लेगा। वहीं आधी सीटों पर प्रवेश एकेटीयू की काउंसिलिंग से होंगे। इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है।
पुनर्वास विश्वविद्यालय में सत्र 2025-26 में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए अलग नियमावली तय की गई है। इसी के अनुसार विश्वविद्यालय इंजीनियरिंग की सभी ब्रांचों में प्रवेश लेगा। प्रवक्ता प्रो. यशवंत वीरोदय ने बताया कि वर्तमान सत्र में विवि में शत प्रतिशत प्रवेश सीयूईटी के माध्यम से लिए जा रहे हैं। बीटेक में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेईई) देते हैं। इसलिए अपने यहां आधी सीटों पर सीयूईटी काउंसिलिंग से प्रवेश लेने का निर्णय लिया है।
जबकि एकेटीयू की ओर से होने वाली पूल काउंसलिंग से बाकी बची आधी सीटें भरी जाएगी। इसमें अभ्यर्थी जेईई मेरिट पर दाखिला ले सकेंगे। पूल काउंसलिंग में एकेटीयू के अन्य संबद्ध कॉलेजों की तरह शकुंतला विश्वविद्यालय भी चॉइस फिलिंग में एक विकल्प के रूप में उपलब्ध होगा। छात्र वहां से चॉइस लॉक कर विवि में दाखिला ले सकेंगे। अगर किसी छात्र को वहां दाखिला नहीं मिलता है तो वह सीधी काउंसलिंग के माध्यम से सीयूईटी के स्कोर पर विवि में दाखिला ले सकेगा।
सभी ब्रांचों में 480 सीटों पर होंगे दाखिले
पुनर्वास विवि में बीटेक की कुल 480 सीटों पर दाखिले लिए जाएंगे। इसमें कंप्यूटर साइंस की सबसे ज्यादा 120 सीटें है। जबकि इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मकैनिकल, सिविल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की 60-60 सीटों पर दाखिले होंगे। इसके अलावा बीटेक की लेट्रल एंट्री की भी सीटें हैं, जिसमें 48 सीटों पर दाखिले लिए जाएंगे। हर ट्रेड की दस फीसदी सीटों पर लेट्रल ऐंट्री से दाखिला होगा। हालांकि इसमें विवि अपने स्तर से सीधे दाखिले लेगा। इसमें सीयूईटी की भी अनिवार्यता नहीं है। मेरिट के आधार पर दाखिले लिए जाएंगे।
नगर निगम कॉलेज में सीधे प्रवेश
सुरेंद्र नगर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कॉलेज में अभ्यर्थी बीए और बीकॉम कोर्स में सीधे प्रवेश ले सकते हैं। यहां पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर दाखिले किए जा रहे हैं। प्राचार्य प्रो. सुभाष चंद्र पांडेय ने बताया कि कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की 176 सीटों पर और बीकॉम की 88 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया चल रही है।