यूपी पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड की ओर से 15 दिसंबर को प्रस्तावित आरक्षी व समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा के लिए शहर में 1.24 लाख परीक्षार्थी जुटेंगे।
187 केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने को भर्ती बोर्ड के अधिकारी जिला प्रशासन के साथ मिलकर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
परीक्षा के दौरान शहर को 11 जोन में बांटा गया है। इसके लिए निर्धारित हर केंद्र की निगरानी को सेक्टर मजिस्ट्रेटों की विशेष तौर पर तैनाती होगी।
नामित सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा तिथि से पूर्व शाम चार बजे से परीक्षा केंद्र को अपने अधिकार क्षेत्र में लेकर संचालन की पूरी व्यवस्था देखेंगे।
यह जानकारी परीक्षा आयोजन की तैयारी में जुटे एसपी आरए सौमित्र यादव व एडीएम वित्त व राजस्व संजय कुमार सिंह यादव ने सोमवार को संयुक्त तौर पर दी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान अनुचित संसाधनों का प्रयोग रोकने व नकलचियों की धरपकड़ को विशेष उड़ाका दस्ते परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समयावधि में औचक निरीक्षण करेंगे।
तीन प्रति में होगी उत्तर शीटएसपी आरए यादव ने बताया कि परीक्षा में पारदर्शिता लाने के लिए उत्तर शीट की मुख्य कॉपी के साथ दो कार्बन कॉपी भी परीक्षार्थी को मिलेगी। इसमें मुख्य उत्तर शीट व उसकी एक कार्बन कॉपी कक्ष निरीक्षक की ओर से जमा की जाएगी।
जबकि तीसरी कार्बन कॉपी परीक्षार्थी को परीक्षा खत्म होने के बाद साथ ले जाने को मिलेगी, ताकि परीक्षा परिणाम की घोषणा के बाद भर्ती बोर्ड की वेबसाइट पर जारी उत्तर शीट से परीक्षार्थी इसका मिलान कर सकें।
कोषागार में प्रश्नपत्र बुकलेट एडीएम वित्त व राजस्व ने बताया कि परीक्षा तैयारियों को लेकर बैठक भी बुलाई गई है। भर्ती परीक्षा की प्रश्नपत्र बुकलेट कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार में रखे जाएंगे।
परीक्षा तिथि को इनका वितरण सेक्टर मजिस्ट्रेटों के जरिए केंद्रों तक कराते हुए परीक्षा खत्म हो जाने बाद वापस कोषागार में जमा कराने की व्यवस्था होगी। सुबह 11 से एक बजे तक परीक्षा होगी। परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट बाद तक केंद्र में प्रवेश की अनुमति मिलेगी।
रेलवे व बस स्टेशन पर बनेगी हेल्प डेस्कआसपास के जिलों से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए भर्ती बोर्ड की ओर से परीक्षा तिथि की पूर्व संध्या से रेलवे व बस स्टेशन पर हेल्प डेस्क का संचालन होगा। इसका उद्देश्य परीक्षा केंद्र इत्यादि ढूंढने में होने वाली परेशानी से बचाना है।
एसपी आरए ने बताया कि भर्ती बोर्ड की वेबसाइट पर सभी पात्र परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र जारी हो गए हैं।
अगर किसी परीक्षार्थी को परीक्षा तिथि तक मूल प्रवेश न मिला हो तो वह वेबसाइट पर जारी प्रवेशपत्र की प्रति व दो सत्यापित फोटो के साथ निर्धारित परीक्षा केंद्र पर भी परीक्षा शुरू होने के एक घंटा पहले तक डुप्लीकेट प्रवेश पत्र बनवा सकेगा।
रेलवे करेगा विशेष व्यवस्था पुलिस भर्ती बोर्ड की परीक्षा 15 दिसंबर को होने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त टिकट काउंटर खोलने व जीआरपी की तैनाती की आदेश दिए हैं।