जीएसटी लागू होने के बाद बढ़े काम के मद्देनजर वाणिज्य कर विभाग ने इस साल रिक्त होने वाले पदों को भरने के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी है। इसके तहत सभी जोन में दिसंबर तक रिटायर होने वाले विभिन्न संवर्ग के कर्मियों का ब्यौरा तैयार कराया जा रहा है।
ताकि समय रहते ही रिक्त होने वाले पदों पर भर्ती की जा सके और रिटायर होने वाले कर्मियों को सेवानिवृत्ति के साथ ही उनके सारे देनदारियों का भुगतान भी किया जा सके। विभाग में दिसंबर तक विभिन्न संवर्गों के 192 कर्मचारी रिटायर्ड हो जाएंगे। दरअसल अब तक कार्मिकों के रिटायर होने के बाद रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होती है।
आमतौर पर यह भर्ती की प्रक्रिया काफी विलंब से ही शुरू हो पाता है। इससे कर वसूली समेत विभाग के अन्य महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित होते हैं।अब चूंकि जीएसटी लागू होने के बाद विभाग के अधिकांश काम ऑनलाइन होने हैं, इसलिए कार्य को लंबित नहीं रखा जा सकता है।
इसके मद्देनजर विभाग के स्तर पर अब इस बात की तैयारी की जा रही है कि आगामी एक साल के भीतर जितने भी पद रिक्त होने वाले हैं, उन पदों पर भर्ती के लिए अग्रिम प्रस्ताव तैयार करा लिया जाए। इसी कड़ी में सेवानिवृत्त कर्मियों की परेशानी को दूर करने के लिए भी विभागीय स्तर पर उनकी देनदारियों के भुगतान की भी अग्रिम व्यवस्था करने का फैसला किया गया है।