नौकरियों की आस लिए भटक रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। सूबे में समूह ‘ग’ के खाली पड़े करीब सवा दो लाख पदों में से 75 हजार पर भर्ती किए जाने को हरी झंडी मिल गई है। सरकार ने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को जल्द से जल्द प्रक्रिया शुरू करने को कहा है।
प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक राजीव कुमार ने बुधवार को शासनादेश जारी कर दिया। उन्होंने सभी प्रमुख सचिवों व सचिवों को समूह ‘ग’ के पदों पर भर्ती पर लगी रोक खत्म होने की जानकारी देते हुए खाली पदों का ब्यौरा तत्काल आयोग को उपलब्ध कराने को कहा है।
मुख्य सचिव आलोक रंजन ने बुधवार को समूह ‘ग’ के रिक्त पदों पर भर्ती से जुड़ी कार्यवाही की समीक्षा की। उन्होंने साफ किया कि आयोग के गठन के साथ ही समूह ‘ग’ के पदों की भर्ती पर लगी रोक खत्म हो गई है।
मुख्य सचिव को बताया गया कि विभिन्न विभागों ने आयोग को अब तक समूह ‘ग’ के 75 हजार खाली पदों का ब्यौरा भेजा है।
उन्होंने आयोग के अधिकारियों को इन पदों पर भर्ती की कार्यवाही जल्द से जल्द शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन विभागों ने अब तक खाली पदों का ब्यौरा आयोग को नहीं दिया है वे हर हाल में 31 जनवरी तक दे दें।