बहराइच के इंजीनियर हत्याकांड मामले में जांच पड़ताल के लिए एसपी ने पुलिस की तीन टीमें लगाई हैं। इस मामले में लगी पुलिस टीमें आरोपी बसपा विधायक व उनकी पत्नी की तलाश में जुटी है। विधायक के गनर तूफानी राम से पुलिस ने पूछताछ कर उसको अपने साथ ही ले रखा है।
विधायक के लखनऊ स्थित आवास पर बुधवार को पुलिस टीम पहुंची और वहां मिले दो नौकरों को अपने साथ ले आई। जिनसे बुधवार देरशाम डीआईजी ने पूछताछ की। वहीं गोरखपुर व बहराइच जिले को भी एक-एक पुलिस टीम रवाना हुई है।
मालूम हो कि बहराइच शहर के बशीरगंज मोहल्ला निवासी दिनेश चंद्र श्रीवास्तव के पुत्र इंजीनियर शिखर श्रीवास्तव (28) की हत्या के मामले में बदोसराय पुलिस ने गोरखपुर जिले की बांसगांव सीट से बसपा विधायक डॉ. विजय कुमार व उनकी पत्नी शिक्षा विभाग की अधिकारी मृदुला आनंद व पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण व हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस की तीन टीमें कर रही है तलाश
इस मामले में जांच व कार्रवाई के लिए एसपी अब्दुल हमीद ने पुलिस की तीन टीमें बनाई है। जो तीन टीमें लगाई गई हैं उनमें एसओ सफदरगंज, एसओ बदोसराय व क्राइम ब्रंाच की टीम शामिल है। इस मामले में सीओ रामनगर दुर्गेश सिंह पुलिस टीमों की अगुवाई कर रहे हैं।
वहीं एसपी अब्दुल हमीद व डीआईजी फैजाबाद संजय कक्कड़ भी कार्रवाई पर नजर रखे हुए हैं। पुलिस की एक टीम बुधवार को विधायक के लखनऊ स्थित आवास पहुंची। वहां मिले नौकरों सद्दाम शाही व सुभाष को पूछताछ के लिए टीम अपने साथ ले आई। इनसे डीआईजी संजय ने गहन पूछताछ की।
वहीं एक- एक पुलिस टीम बहराइच व गोरखपुर जिले में भी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले मेें प्रारंभिक जांच की जा रही है। सर्विलांस सेल द्वारा विधायक व उनकी पत्नी की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। साथ ही उन पांच अज्ञात लोगों के बारे में भी पुलिस टीम पता लगा रही है।
जिनका नाम अभी तक प्रकाश में नहीं आ सका है। हालांकि इस मामले में कोई भी अधिकारी कुछ भी बोलने से कतरा रहा है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए एसपी ने बुधवार सुबह क्राइम ब्रांच, एएसपी व सीओ रामनगर के साथ अपने कार्यालय में बैठक की।
गनर ने कहा, नहीं था विधायक के साथ
बसपा विधायक डॉ. विजय कुमार का गनर तूफानी राम बुधवार को दिन में करीब 11.30 बजे एसपी कार्यालय पहुंचा। इस दौरान गनर को क्राइम ब्रांच की टीम के लोग अपने साथ लेकर चले गए।
गनर ने कहा कि उसे कप्तान साहब ने बुलाया था। इसीलिए वह उनसे मिलने आया है। विश्वस्त सूत्रों की माने तो विधायक के गनर तूफानी राम ने बताया है कि वारदात की रात वह विधायक के साथ था ही नहीं। हालांकि पुलिस द्वारा गनर के मोबाइल फोन की भी कॉल डिटेल निकालकर उसकी भूमिका के बारे में पता किया जा रहा है।
मृतक इंजीनियर की पीएम रिपोर्ट में उसके शरीर में मिले चोट के निशान से यह साफ है कि उसकी हत्या बड़ी निर्ममता से की गई है। यहीं नहीं चाकू व लोहे की रॉड से मृतक पर कई वार किए जाने की बात भी सामने आई है। मृतक का बायां कान कटा मिला है।