लखनऊ से पहली राजधानी एक्सप्रेस का सपना दिखाकर रेलवे ने शहरवासियों को ठग लिया। रेलवे ने एसी एक्सप्रेस का ही नाम बदलकर राजधानी एक्सप्रेस कर दिया।
इससे जहां प्रति यात्री नई दिल्ली का किराया बढ़ गया, वहीं यात्रियों को एलएचबी कोच वाली राजधानी एक्सप्रेस की जगह एसी एक्सप्रेस की पुरानी बोगियों में ही सफर करना पड़ेगा।
रविवार को पहली बार शुरू हुई ट्रेन 12429 राजधानी एक्सप्रेस पकड़ने पहुंचे यात्री नई ट्रेन की जगह एसी एक्सप्रेस की लाल रंग की बोगियों को देखकर हैरान रह गए।
लखनऊ से नई दिल्ली के लिए रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को लाल बोगियों वाली ट्रेन 12233 एसी एक्सप्रेस जबकि सोम, बुध और शनिवार को 12271 दूरंतो एक्सप्रेस चलती थी।
बुधवार को इन दोनों ट्रेनों में से कोई भी ट्रेन नहीं थी। एसी एक्सप्रेस और दूरंतो एक्सप्रेस का लखनऊ से नई दिल्ली पहुंचने का समय एक ही था, जबकि एसी एक्सप्रेस का किराया दूरंतो एक्सप्रेस से कम था।
एसी एक्सप्रेस का नई दिल्ली का एसी तृतीय का किराया 710, एसी 2 का 1000 और एसी प्रथम का 1690 रुपये था। दूरंतो का एसी तृतीय का किराया 815, एसी 2 का 1135 और एसी प्रथम का 1925 रुपये था।
रेलवे ने एसी एक्सप्रेस और दूरंतो एक्सप्रेस को बंद कर उनकी जगह 15 जून से 12429 राजधानी एक्सप्रेस चलाने का निर्णय लिया। राजधानी एक्सप्रेस का किराया दूरंतो एक्सप्रेस के बराबर कर दिया गया।
इसकी जगह चली राजधानी एक्सप्रेस का समय भी एसी एक्सप्रेस और दूरंतो एक्सप्रेस के बराबर तय किया गया। इसकी नई बोगियों की जगह रेलवे ने दोनों ट्रेनों के रैक को राजधानी एक्सप्रेस बनाकर चला दिया।
रेलवे ने कमाई करने के लिए दूरंतो एक्सप्रेस की एसी तृतीय इकोनोमी वाली बोगियां हटा दीं। राजधानी एक्सप्रेस में हरा और लाल रंग वाली बोगियां दौड़ेंगी।
लखनऊ-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में एसी तृतीय में बोगी बी-1 से बी-9 लगेंगी। जबकि एसी द्वितीय में ए-1 से ए-4 तक 4 बोगियां और एसी प्रथम की एक बोगी एच-1 लगेगी।