लखनऊ। अहिबरनपुर उपकेंद्र के पैनल में बुधवार आधी रात चूहा घुस गया। इससे 11 हजार वोल्ट की इनकमिंग आपूर्ति में जोरदार धमाका हुआ। इससे चार हजार उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। करीब दो किमी के दायरे में अंधेरा छा गया।
अवर अभियंता के मुताबिक बागशाहजी, गल्लामंडी, मदेहगंज पुलिस चौकी फीडर के इनकमिंग पैनल में आधी रात अचानक धमाके के साथ तीन बड़े इलाकों में सप्लाई बंद हो गई। ऑपरेटर ने पैनल खोलकर मरे चूहे को निकाला और सफाई की। करीब 35 मिनट बाद बिजली चालू हो सकी।
उधर, बृहस्पतिवार शाम बिजली खपत बढ़ने से सहादतगंज, नूरबाड़ी, टिकैतरायतालाब, सुप्पारौस, टिकैतगंज, मेहंदीगंज, बाजारखाला, तालकटोरा रोड इलाकों में बिजली की आंखमिचौली शुरू हो गई, जो देर रात तक जारी रही। चारबाग, मवैया, नाका, मोतीनगर, आर्यनगर एवं बसीरतगंज में एबीसी फ्यूज उड़ने से आपूर्ति में व्यवधान आया। ट्रांस गोमतीनगर में इंदिरानगर के तकरोही, चांदन, मानस विहार व रसूलपुर में एबीसी टूटने से उपभोक्ताओं को बिजली संकट झेलना पड़ा। कुछ इलाकों में सुधार कार्य के कारण बिजली सप्लाई बंद रही।