शताब्दी एक्सप्रेस में चूहों व कॉकरोच का आतंक बना हुआ है तो लखनऊ मेल की एसी बोगियों में चार्जिंग प्वाइंट काम नहीं कर रहे हैं। रेलवे के अधिकारी एक तरफ स्वच्छ रेल पखवाड़े के तहत रोजाना यात्रियों से फीडबैक ले रहे हैं, दूसरी तरफ ट्रेनों में मौजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
लखनऊ जंक्शन से दिल्ली जाने वाली ट्रेन 12003 शताब्दी एक्सप्रेस से गत दिनों दिल्ली जा रहे यात्री हिमांशु ने डीआरएम से शिकायत दर्ज कराई थी कि सी-13 बोगी में कॉकरोच व चूहों ने आतंक मचा रखा था। खानपान के आइटमों तक पर कॉकरोच घूमते दिख रहे थे।
शिकायत पर डीआरएम ने कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं दूसरी ओर लखनऊ मेल के यात्री अनुराग ने बताया कि एसी बोगी की सीट संख्या चार पर चार्जिंग प्वाइंट खराब है। बाद में देखा तो कई और प्वाइंट भी खराब थे। 15017 गोरखपुर एलटीटी एक्सप्रेस की थर्ड एसी बोगी बी-1 के यात्री यात्री विशाल ने बताया कि इमरजेंसी गेट बदहाल है। इससे हादसे की स्थिति में यात्री बाहर नहीं निकल पाएंगे।
सिग्नल फेल होने से थमे पहिए
लखनऊ बाराबंकी रेलखंड पर सोमवार को सिग्नल फेल होने से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। 15114 छपरा कचहरी लखनऊ एक्सप्रेस के यात्री राजीव जायसवाल ने बताया कि वह इलाज के लिए लखनऊ आ रहे थे। ट्रेन पंच घंटे लेट हो गई। ऐसे ही कन्हैया कुमार पीजीआई में इलाज के लिए आ रहे थे और उनका एप्वाइंटमेंट छूट गया। ट्रेन की लेटलतीफी से आशीष गुप्ता व शिवम मिश्रा की परीक्षा छूटने की नौबत आ गई। इसी तरह 15008 कृषक एक्सप्रेस भी देरी की शिकार हुई।