वहीं मोहनलालगंज में लॉकडाउन में भी कोटेदार गरीबों के हिस्से के राशन में कटौती करने से बाज नहीं आ रहे हैं। गौरा की दुकान निलंबित होने के कारण यहां के कार्डधारक अतरौली से अटैच किए गए हैं।
ऐसे में गांव के कार्डधारक तीन किमी चलकर राशन लाने अतरौली जाते हैं। अंत्योदय कार्डधारकों को 20 किलो गेहूं और 15 किलो चावल मुफ्त दिया जाना है। अतरौली के कोटेदार अंकित इसमें भी कटौती कर रहे हैं।
अन्त्योदय कार्डधारकों को मिलने वाले गेहूं में एक किलो की कटौती की जा रही है। गांव के सूरज ने बताया कि मां शांति देवी के नाम अन्त्योदय राशनकार्ड है। बृहस्पतिवार को जब वह राशन लेने गए तो उनको 35 की जगह 34 किलो राशन मिला।
उन्होंने एतराज जताया तो कोटेदार ने भगा दिया। तहसीलदार विवेकानंद मिश्र ने बताया कि शिकायत आई है। आपूर्ति निरीक्षक को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। दोषी पाए जाने पर दुकान निलंबित कर कार्रवाई की जाएगी।
लॉकडाउन में भी अलीगंज के पुरनिया स्थित महालक्ष्मी स्वीट्स गुरुवार को खुली मिली। इस पर प्रशासन व पुलिस की टीम ने इसे सील कर दिया। वहीं, मालिक व प्रबंधक के खिलाफ लॉकडाउन के उल्लंघन और महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रभारी निरीक्षक फरीद अहमद के मुताबिक सूचना मिली कि दुकान में चोरीछिपे मिठाई बनाई जा रही है। पुलिस व प्रशासन की टीम ने छापा डाला तो आरोप सही मिला। एडीएम के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
मलिहाबाद में मनरेगा जॉब कार्डधारकों ने गुरुवार को राशन कटौती की तहसीलदार निखिल शुक्ल से शिकायत की। इस पर उन्होंने क्षेत्र की राशन दुकानों का निरीक्षण किया।
तहसीलदार ने बताया कि तेपुर गांव के ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार मनरेगा जॉब कार्डधारकों को यूनिट से कम राशन दे रहे हैं। मौके पर लोगों से बात की गई तो वितरण व्यवस्था सही मिली।
कोटेदार ने बताया कि कुछ लोग वितरण में व्यवधान पैदा करने उद्देश्य जनता को गुमराह कर रहे हैं। वह लोग पूरे गांव में यह अफवाह फैला रहे हैं कि सभी का राशन मुफ्त है, जबकि ऐसा नहीं है।
राशन सिर्फ अंत्योदय कार्डधारक, मरेगा मजदूर तथा श्रम विभाग से पंजीकृत मजदूरों को ही मुफ्त मिलना है। उन्होंने सरकारी निर्देशों का पालन कर राशन वितरण का निर्देश दिया है।
दरोगा की चक्की के पास स्थित एचपी गैस एजेंसी पर भीड़ जुटते की सूचना पर सभी को हटाया गया। कर्मचारियों को यह निर्देशित किया गया कि डिलीवरी के समय ग्राहकों के घर पर ही मोबाइल नंबर पंजीकृत करें।