लखनऊ में लॉकडाउन के दौरान मुनाफाखोरी से आसमान पर पहुंचे खाद्य वस्तुओं के दाम प्रशासन की सख्ती से घटने लगे हैं। ज्यादातर खाद्य वस्तुओं की खुदरा कीमत वही हो गई है जो लॉकडाउन से पहले 15 मार्च के आसपास थी।
मुरलीनगर के थोक कारोबारी आनंद जैन ने बताया कि अब आटा 24 रुपये किलो हो गया है। यही रेट लॉकडाउन से पहले था। खुदरा में यह 26 से 28 रुपये किलो तक बेचा जा रहा है, हालांकि कुछ खुदरा व्यापारी अब भी आटा महंगा बेच रहे हैं।
चीनी, रिफाइंड व सरसों तेल की कीमत भी घटी है। इसी प्रकार लॉकडाउन के दौरान जो अरहर दाल खुदरा में 130 रुपये किलो तक बिकी उसका खुदरा रेट अब 90 से 98 रुपये किलो हो गया है।
अरहर दाल थोक में छह रुपये तक सस्ती
प्रतीकात्मक तस्वीर
पांडेयगंज थोक बाजार के कारोबारी राजेंद्र कुमार अग्रवाल ने रविवार को बताया कि महाराष्ट्र व मध्य प्रदेश से अरहर दाल की आवक शुरू हो गई है। इससे थोक रेट में दाल छह रुपये तक सस्ती हुई है।
जो अरहर पुखराज दाल एक अप्रैल को 92 रुपये किलो में बिकी वह पांच अप्रैल को 86 रुपये किलो रह गई है। इसी प्रकार सामान्य श्रेणी की अरहर दाल जो 88 रुपये में थी वह 82 रुपये में बिक रही है। चना दाल 64 से घट करके 60 रुपये व मलका मसूर दाल 70 से घट कर 63 रुपये किलो हो चुकी है।
देखें- 15 मार्च का खुदरा रेट
वस्तु कीमत
आटा 26-28
अरहर दाल 92-94
चावल सांभर 28-30
सरसों तेल 98-105
चीनी 36-37
नोट : अधिकतर बाजारों का रेट रुपये प्रति किलो।
पांच अप्रैल का खुदरा रेट
डालीगंज बाजार
वस्तु कीमत
आटा 28-30
अरहर दाल 96-98
चावल सांभर 30-32
सरसों तेल 110-112
चीनी 38-39
राजाजीपुरम बाजार
वस्तु कीमत
आटा 29-30
अरहर दाल 94-98
चावल सांभर 30-36
सरसों तेल 108-112
चीनी 37-38
कृष्णानगर बाजार
वस्तु कीमत
आटा 28-29
अरहर दाल 90-92
चावल सांभर 30-35
सरसों तेल 108-110
चीनी 37-38
नोट: सरसों तेल प्रति लीटर व अन्य प्रति किलो रुपये में।
सब्जियां भी सस्ती
आटा, दाल व चावल ही नहीं सब्जियां भी खुदरा मंडियों में सस्ती हुई हैं। लॉकडाउन लागू होने की शुरुआत में जो आलू 60 रुपये किलो तक बिका वह 20 रुपये किलो हो चुका है।
टमाटर 40 रुपये की जगह पर 20 रुपये और लौकी-कददू 30 से 40 रुपये किलो की जगह 20 रुपये किलो बिक रहे हैं। तोरई भी 60 से 30 रुपये किलो हो चुकी है।