लखनऊ के अलीगंज इलाके में रसूखदार व्यक्ति ने चौका-बर्तन करने वाली किशोरी को दो साल तक अपने घर में बंधक बनाए रखकर जुल्म ढाए। देह व्यापार से इनकार पर यातनाएं देकर शरीर पर अनगिनत घाव किए। कैंची से अंगुली काटने के साथ दरिंदगी की।
शनिवार को वह किसी तरह घर चंगुल से छूटी और परिवार के साथ पुलिस चौकी पहुंची। वहां उत्पीड़न की तहरीर लिखाई और केस दर्ज करके चलता कर दिया। कार्रवाई न होते देख किशोरी रविवार देर शाम एसएसपी के कैंप ऑफिस पर पहुंची। सोशल मीडिया पर प्रताड़ना का वीडियो वायरल होने पर अफसर चेते।
अपर पुलिस अधीक्षक ट्रांसगोमती हरेंद्र कुमार के मुताबिक, त्रिवेणीनगर के एक मोहल्ले में रहने वाली किशोरी ने मोहल्ले के सुधीर गुप्ता पर दो साल तक घर में बंधक बनाए रखकर प्रताड़ित करने और देह व्यापार के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। किशोरी का कहना है कि दो साल पहले वह सुधीर गुप्ता के घर पैसे लेने गई थी। उन्होंने बंधक बनाकर पीटा और गलत काम करने के लिए कहा। मना किया तो बाल काट डाले। कैंची से अंगुली काट दी। उनके घर पर रोजाना लड़कियां आती हैं।