दुष्कर्म के मुकदमे में सुलह न करने पर आरोपी ने शनिवार दोपहर पति के साथ ससुराल जा रही विवाहिता की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने उसके पति को भी पीटा। ग्रामीणों को मौके पर आते देख आरोपी भाग निकला।
महोली कोतवाली क्षेत्र निवासी प्रदीप पर ग्रामीण की बेटी से साल भर पहले दुराचार का आरोप लगा था। इसका केस महोली थाने में दर्ज हुआ था और इसमें आरोपी जेल भी गया था। प्रदीप बीते अप्रैल में ही जमानत पर छूटा था।
इस दौरान पीड़ित युवती शादी के बाद अपने ससुराल में रहने लगी थी। आरोपी प्रदीप जेल से बाहर आने के बाद से ही पीड़िता पर केस में सुलह करने का दबाव बना रहा था। मुकदमा गवाही के स्तर पर था इसलिए आरोपी को सजा होने का डर सता रहा था।