रमजान का चांद नजर आ गया। शनिवार को पहला रोजा रखा जाएगा। शिया चांद कमेटी ने चांद दिखने की पुष्टि की है। ईदगाह लखनऊ के इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने ऐलान किया कि आज 24 अप्रैल 2020 को रमज़ानुल मुबारक का चांद हो गया है। पहला रोजा शनिवार से रखा जाएगा।
वहीं, मरकजी शिया चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैफ अब्बास नकवी ने भी चांद दिखने की पुष्टि की। इसके पहले मुस्लिम धर्मगुरुओं ने लोगों से घरों में ही नमाज पढ़ने की अपील की और कहा कि सभी लॉकडाउन के नियमों का पालन करें।
रमजान के चांद दिखाई देने का एलान होते ही नेकी और इबादत के मुबारक महीने का आगाज हो गया। चांद होने पर मुसलमानों ने अपने रब का शुक्र अदा किया और अल्लाह को राजी करने के लिए इबादत में मशगूल हो गए। लॉकडाउन के चलते मस्जिदों में सन्नाटा पसरा रहा, वहीं लोगों ने घरों में ही तरावीह की नमाज अदा की।
सहरी और इफ्तार की हुई खरीदारी
लॉकडाउन में दुकानें बंद होने और आमदनी रुकी होने की वजह से इस बार रमजान में सहरी और इफ्तार की खरीदारी भी पहले से कर ली गई। हालांकि बीते सालों की तरह बाजार गुलजार नहीं हो सके। खजूर, पापड़ आदि गली-मोहल्लों की दुकानों से ही खरीदे गए।
आज से काम करेगी रमजान हेल्पलाइन
सुन्नी हेल्पलाइन : इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया की हेल्पलाइन पर शुक्रवार से दिन में 2 बजे से शाम 4 बजे तक मोबाइल नंबर 9415023970, 9335929670, 9415102947, 7007705774, 9140427677 पर संपर्क कर रोजा, नमाज, जकात, फितरा, इफ्तार, सहरी के संबंध में सवाल किया जा सकता है।
शिया हेल्पलाइन
अयातुल्लाह उजमा सैयद सादिक हुसैनी शिराजी की शिया हेल्पलाइन शनिवार से सुबह 10 से 12 बजे तक मोबाइल नंबर 9415580936, 9839097407 पर संपर्क किया जा सकता है। इस पर मौलाना सैफ अब्बास नकवी सवालों के जवाब देंगे। महिलाएं अपनी शंकाएं मोबाइल नंबर 6386897124 पर दूर कर सकती है। वहीं, इदारा शरिया फरंगी महल के अध्यक्ष मौलाना इरफान मियां फरंगी महली ने इस साल से हेल्पलाइन की शुरुआत की है।