सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के बर्थडे पर प्रदेश सरकार अपने अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ मंत्री मो. आजम खां को रिटर्न गिफ्ट देने जा रही है। इसके लिए सरकार इन दिनों रामपुर से जुड़ी मुख्यमंत्री की घोषणाओं को जल्दी-जल्दी पूरा कराने में लगी हुई है। खुद प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री इस पर नजर रखे हुए हैं।
दरअसल, आजम खां 21 व 22 नवंबर को रामपुर में सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव का 75वां जन्मदिन भव्य तरीके से मनाने जा रहे हैं। इस दौरान मुलायम के साथ मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी वहां मौजूद रहेंगे। आजम ने इन दोनों खास मेहमानों को सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर से जौहर अली यूनिवर्सिटी तक ले जाने के लिए इंग्लैंड से विशेष बग्घी मंगाई है। 21 नवंबर की रात 12 बजे जौहर विश्वविद्यालय में ही मुलायम सिंह 75 फुट का केक भी काटेंगे।
आजम रामपुर स्थित सरकारी शोध संस्थान मौलाना मुहम्मद अली जौहर को अपने ट्रस्ट में मिलाना चाहते हैं, लेकिन नियमानुसार सरकारी शोध संस्थान किसी ट्रस्ट को नहीं दिया जा सकता। ऐसे में आजम की कोशिशें कामयाब नहीं हो सकीं।
अब सरकार आजम को यह शोध संस्थान बतौर गिफ्ट देने जा रही है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने इसका प्रस्ताव कैबिनेट में पेश करने के लिए कहा है। कैबिनेट में आने के बाद इसे सरकार ट्रस्ट के सुपुर्द कर देगी।
आजम को होगा कराड़ों का फायदा
आजम खां इस शोध संस्थान को इसलिए चाहते हैं ताकि वे अपने ट्रस्ट की गतिविधियां बढ़ा सकें। इस संस्थान के पास रामपुर में करोड़ों की जमीन व भवन है।
इसके मिल जाने से आजम के ट्रस्ट की माली हालत और अच्छी हो जाएगी। साथ ही जौहर विश्वविद्यालय को भी इस शोध संस्थान से काफी फायदा होगा।
...तो इसलिए हो रही तेजी
आजम के व्यवहार से सभी वाकिफ हैं। जरा-जरा सी बात पर वे नाराज हो जाते हैं। इसलिए सरकार 21-22 नवंबर को रामपुर में होने वाले जलसे से पहले रामपुर से जुड़ी घोषणाओं व योजनाओं को लेकर सतर्क है।
मुख्यमंत्री सचिवालय ने संबंधित विभाग के अफसरों को तलब कर इन्हें तत्काल पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
रामपुर से जुड़ी इन घोषणाओं पर फोकस
वक्फ ट्रिब्यूनल
प्रदेश में वक्फ संपत्तियों से जुड़े विवादों के निपटारे के लिए लखनऊ और रामपुर में वक्फ ट्रिब्यूनल स्थापित होने हैं। कैबिनेट बाई सर्कुलेशन से पास होने के बावजूद अधिकारियों की लापरवाही के कारण यह फैसला कई महीनों तक दबा रहा।
अब इसका शासनादेश जारी कर दिया गया है। ट्रिब्यूनल में अध्यक्ष, सदस्यों व रजिस्ट्रार की नियुक्ति के लिए नियुक्ति विभाग तथा ट्रिब्यूनल के भवन के लिए संपत्ति विभाग को पत्र भेजा गया है।
300 बेड का जिला अस्पताल
रामपुर के जिला अस्पताल को 150 बेड से 300 बेड करने की घोषणा के अनुरूप उपकरण खरीद के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पहली किस्त के रूप में 3.97 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। रामपुर की उपेक्षा को लेकर कुछ महीनों पहले आजम ने स्वास्थ्य विभाग से नाराजगी भी जताई थी।
...ताकि रामपुर की दी जा सके मिसाल
नगर विकास विभाग चाहता है कि रामपुर शहर को इस तरह से संवारा जाए कि लोग इसकी मिसाल दे सकें। इसके तहत शहर के सौंदर्यीकरण के साथ झील भी बनवाई जा रही है। 600 से 700 करोड़ की इस योजना में कई और विभागों को भी जोड़ा गया है। कई विभागों ने तो बजट भी जारी कर दिया है।
आजम के रामपुर को ये भी एक सौगात
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की योजना के तहत प्रदेश के 20 जिलों में दो-दो मॉडल इंटर कॉलेज खोले जाने हैं। सरकार ने इस योजना को भी तत्काल कैबिनेट से पास कराने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत रामपुर में भी दो मॉडल इंटर कॉलेज खुलने हैं।