लखनऊ। शहर के 77 वार्डों में सफाई का काम करने वाली निजी कंपनी (रामकी) की लापरवाही बंद नहीं हो रही है। लापरवाही का आलम यह है कि कंपनी ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम वाले रूटों पर भी सफाई नहीं की। ऐसे में नगर निगम जोन छह के जोनल सिनेटरी अधिकारी राजेश यादव ने कंपनी को नोटिस जारी किया है साथ ही 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
नोटिस में बताया गया कि 29 अप्रैल को पीएम मोदी को मल्लावां में गंगा एक्सप्रेस वे के उद्घाटन कार्यक्रम में जाना था। ऐसे में कंपनी को जोन छह में उन रूटोें पर सफाई करनी थी जहां से पीएम मोदी और अन्य वीआईपी लोगों को गुजरना था। 28 अप्रैल को जब न्यू हैदरगंज द्वितीय, न्यू हैदरगंज तृतीय, आलमनगर एवं कल्याण सिंह वार्ड के मुख्य मार्गों का निरीक्षण किया गया तो जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे मिले। कंपनी की ओर से सफाई न होने पर नगर निगम ने अपने कर्मचारी लगाकर सफाई करानी पड़ी। जोनल सिनेटरी अधिकारी ने बताया कि इससे पहले भी रामकी ने कई बार सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरती है। कंपनी कई मुख्य मार्गों पर कूड़े का ढेर लगा देती है और कई दिनों तक नहीं उठाती। इससे नगर निगम की छवि धूमिल होती है।