रामदेव ने कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह एक क्रूर महिला हैं।
ईसाई होकर एक हिंदू बाबा को अपमानित करती हैं और जलील करती हैं। उन्होंने कहा कि 16 मई को मतगणना के बाद वह भइया के साथ अपने पीहर चली जाएंगी।
रामदेव ने कहा कि उन्हें मीडिया में अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को जेल भेजना है।
मेरा शिविर नॉन पोलिटिकल है
अपने योग शिविर के लिए लखनऊ आए बाबा रामदेव ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है।
उन्होंने कहा है कि उनके योग दीक्षा के शिविर का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने साफ कहा है कि इन शिविरों से कोई वोट नहीं मांगा जाता है।
बताते चलें कि कांग्रेस ने रामदेव पर शिविरों के माध्यम से भाजपा के लिए वोट मांगने का आरोप लगाया है। रामदेव ने कहा कि अपनी बात रखना उनका सांवैधानिक अधिकार है।
खतरनाक हैं राहुल, इलाज जरूरी
राहुल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राहुल बहुत खतरनाक हैं और उनका इलाज जरूरी है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को अनुलोम-विलोम कराने की बात भी कही।
जब बात सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा पर आई, तो बाबा ने कहा कि
वाड्रा के समय प्रियंका कहती हैं कि उनके पति को जलील किया जाता है लेकिन
वे लोग जो मेरे साथ कर रहे हैं उसे क्या कहा जाए।
उन्होंने कहा कि
वह मुझे जलील नहीं तो क्या पुरस्कार दे रहे हैं? बाबा ने कहा कि सोनिया
बीमार हैं इसलिए उन्होंने रहम दिखाई और रायबरेली नहीं गए।
30 को जाएंगे अमेठी
रामदेव ने कहा, लेकिन वह अमेठी जरूर जाएंगे। उन्होंने बताया कि वह 30 अप्रैल को अमेठी जा रहे हैं।
रामदेव ने दावा किया कि वहां भाजपा की प्रत्याशी स्मृति ईरानी जीत रही हैं और राहुल शत प्रतिशत हार रहे हैं। बाबा ने कहा, अमेठी में कुमार विश्वास ने फसल बोई जिसे स्मृति ईरानी काटेंगी।
उन्होंने कहा कि ऐसा हमेशा से होता रहा है कि फसल कोई और लगाए और काटे कोई और।