राज्यपाल राम नाईक ने विधान परिषद में पांच सदस्यों के मनोनयन को लेकर बरकरार गतिरोध को समाप्त करने के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को वैकल्पिक नाम भेजने की सलाह दी है। रोके गए पांच नामों पर मुख्यमंत्री को एक बार फिर अपनी आपत्तियों से अवगत कराते हुए राज्यपाल ने कहा कि दूसरे नाम भेज दिए जाएं, वे मंजूरी दे देंगे।
राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से नए लोकायुक्त के चयन के लिए की जा रही कार्यवाही की भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री बुधवार दोपहर राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचे। वे करीब एक घंटे वहां रहे। दोनों ने एक-दूसरे को नवरात्रि व दशहरे की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान दोनों के बीच एमएलसी की पांच सीटों पर मनोनयन, संशोधन विधेयक के लंबित रहने की वजह से लोकायुक्त के चयन में फंसे पेंच समेत कई अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार बातचीत के दौरान राज्यपाल ने इशारे-इशारे में एमएलसी के रोके गए पांच नामों को मंजूरी देने में आड़े आ रही संवैधानिक अड़चनों का जिक्र करते हुए सुझाव दिया कि सरकार को वैकल्पिक नाम भेजने चाहिए जिससे मामले का निपटारा हो सके।