सुल्तानपुर के सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनीत मिश्र ने पुलिस फोर्स जॉइन करने के लिए 18 लाख के पैकेज वाली अपनी नौकरी छोड़ दी। वे शहीद कांस्टेबल विजय प्रताप मिश्र के बेटे हैं।
अमेठी में उपद्रवियों से मोर्चा लेते पिछले साल 14 सितंबर को विजय शहीद हो गए। पिता की शहादत ने विनीत की जिंदगी का मकसद बदल दिया। सपना बदल दिया। लोगों ने लाख समझाया। पर उन्होंने किसी की न सुनी।
कहा-परिवार की परंपरा कायम रखनी है। टीसीएस कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी से इस्तीफा दे दिया। अब एक ही जिद है, पुलिस फोर्स जॉइन करने की।
विनीत मूलरूप से अंबेडकरनगर जहागीरगंज के सेमरा गांव के रहने वाले हैं। छोटा भाई विपुल चार्टर्ड अकाउंटेंट की पढ़ाई कर रहा है। विनीत ने फैसला किया तो लोगों ने समझाया कि सैलरी बहुत कम है। बहुत तनाव है। छुट्टी नहीं मिलती। लेकिन विनीत अपने फैसले पर अडिग रहा।