दुग्ध विकास मंत्री राममूर्ति वर्मा ने दुग्ध उत्पादक संघों को दूध देने वाले किसानों को चार से पांच रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने किसानों को दूध का समय से पेमेंट करने और दूध की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
यह एलान भी किया कि पीसीडीएफ में जल्द ही बीटेक और एमबीए पास युवाओं को संविदा पर रखा जाएगा ताकि गुणवत्ता और बिक्री के लिहाज से अच्छी स्थिति बन सके। कहा कि अगले कुछ महीनों में दूध का कलेक्शन 20.50 लाख लीटर प्रतिदिन तक करने का लक्ष्य है।
दुग्ध विकास मंत्री मंगलवार को यहां गन्ना संस्थान में 2014-15 के गोकुल पुरस्कारों का वितरण कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम से ही सीजी सिटी में सहकारी डेयरी प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया।
राममूर्ति वर्मा ने कहा, दुग्ध उत्पादक किसानों को प्रोत्साहन राशि देने के बारे में मुख्यमंत्री से बात हो गई है। भुगतान पिछले साल ही शुरू हो जाता। पर, पिछले साल बेमौसम बारिश और फिर सूखे के कारण किसानों को हुए नुकसान के चलते सरकार को 10-12 हजार करोड़ रुपये राहत की मद में देने पड़े।
नतीजतन, प्रोत्साहन राशि का वितरण शुरू नहीं हो सका। कहा कि कन्नौज में काऊ मिल्क प्लांट तैयार होने के बाद किसानों को दो रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि देने का प्रस्ताव है। लेकिन, अब तय किया गया है कि इसे चार रुपये प्रति लीटर करके पूरे प्रदेश के दुग्ध उत्पादकों को दिया जाए।