राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के सात उम्मीदवार बुधवार को बसंत पंचमी के दिन नामांकन दाखिल करेंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सोमवार को बताया कि भाजपा उम्मीदवार सुधांशु त्रिवेदी, आरपीएन सिंह, अमरपाल मौर्य, नवीन जैन, तेजवीर सिंह, साधना सिंह और संगीता बलवंत 14 फरवरी को सुबह विधान भवन में नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा प्रदेश मुख्यालय से सभी उम्मीदवार नामांकन दाखिल करने के लिए विधान भवन पहुंचेंगे। वहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित सरकार के मंत्रियों की मौजूदगी में नामांकन दाखिल करेंगे। मालूम रहे कि 10 सीटों के लिए हो रहे राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने सात उम्मीदवार उतारे हैं। विधानसभा में पार्टी की सदस्य संख्या के लिहाज से सभी सात प्रत्याशियों का चुनाव जीतना तय है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी है।