राज्यसभा चुनाव के लिए आज मतदान होगा। मतदान से पहले बृहस्पतिवार को बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने लंच पर कांग्रेस के विधायकों से मुलाकात की। मिश्रा ने कांग्रेसी विधायकों से राज्यसभा के लिए बसपा उम्मीदवार भीमराव अंबेडकर को वोट देने की अपील की।
कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को बसपा उम्मीदवार को वोट देने को कहा है। राज्यसभा चुनाव के लिए चल रही गहमागहमी के बीच बृहस्पतिवार को कांग्रेस की ओर से अपने विधायकों के लिए गोमतीनगर के होटल में दोपहर भोज का आयोजन किया गया।
इसमें कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजय कुमार लल्लू के समेत सभी सात विधायकों के साथ विधान परिषद के दो सदस्य भी शामिल हुए। भोज में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर, डॉ. संजय सिंह, प्रमोद तिवारी भी मौजूद थे।
हालांकि कांग्रेस पहले ही बसपा उम्मीदवार के समर्थन का एलान कर चुकी है लेकिन बसपा नेताओं ने शिष्टाचार के नाते विधायकों से मिलने की इच्छा जताई तो उन्हें भी न्योता दे दिया गया था। सतीश चंद्र मिश्रा बसपा विधानमंडल दल के नेता लालजी वर्मा के साथ कांग्रेस के लंच में पहुंचे।