भाजपा अध्यक्ष व लखनऊ के प्रत्याशी राजनाथ सिंह ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम व अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में किए गए काम को गिनाकर लोगों से समर्थन मांगा।
लखनऊ के पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अल्पसंख्यक व दलित बहुल पारा क्षेत्र में भाजपा ने शाम सात बजे से सामाजिक न्याय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया था।
क्षेत्र के जातीय समीकरण के लिहाज से दलित नेता उदितराज को भी बुलाया गया था। उदितराज चुनाव से पहले ही भाजपा में शामिल हुए हैं।
उदितराज ने की राजनाथ की प्रशंसा
उदितराज ने कहा कि पहली बार ऐसा हो रहा है कि सामाजिक न्याय की अगुवाई करने वाले राम विलास पासवान, रामदास अठावले जैसे बड़े नेता एनडीए के साथ आ गए।
दलितों की एक नेता को छोड़कर (मायावती की ओर इशारा) सभी ताकतें भाजपा में हैं। लोग भौचक हैं कि सारे दलित नेता भाजपा में क्यों जा रहे हैं?
उन्होंने कहा, इसका श्रेय राजनाथ के राजनीतिक कौशल को जाता है। उदित राज के बाद भाजपा अध्यक्ष ने भी दलित व अल्पसंख्यकों के नेताओं को पार्टी से जोड़ने में मिली कामयाबी को बड़ी उपलब्धि के तौर पर पेश किया।
लखनऊ को बदलेंगे
राजनाथ ने अपनी बात की शुरुआत सरकार और संगठन में निभाए अपने लंबे कार्यकाल से की। पर, गरीबों व दलितों से अपनापन दिखाने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्रित्व कार्यकाल में कुलियों, व्यापारियों, रिक्शा चालकों, पंचायत प्रतिनिधियों के साथ की गई पंचायत और सहभोज का खासतौर से उल्लेख किया।
उन्होंने कहा, मेरे काम को हर किसी ने जांचा-परखा है। सांसद चुने गए तो मंत्री से कहना पड़े या प्रधानमंत्री से मिलना पड़े, यहां की समस्याओं का हर स्तर पर समाधान कराएंगे।
शुरू के तीन-चार महीने में लखनऊ के विकास का प्लान बनाएंगे, फिर काम कराएंगे। उन्होंने देश में संकट के लिए कांग्रेस, सपा और बसपा को भागीदार बताते हुए इन पर जोरदार हमला बोला।
कल्याण थे बेहतर मुख्यमंत्री
उन्होंने कहा, केंद्र में अटल की सरकार रही हो या प्रदेश में कल्याण सिंह, राम प्रकाश गुप्त व मेरी, कोई भी व्यक्ति भ्रष्टाचार के मामले में भाजपा पर अंगुली नहीं उठा सकता।
कल्याण सिंह तो उनसे भी बेहतर मुख्यमंत्री साबित हुए। कार्यक्रम को लालजी टंडन, मेयर दिनेश शर्मा, पूर्व विधायक सुरेश श्रीवास्तव आदि ने भी संबोधित किया।
राज्यसभा सांसद कुसुम राय व पूर्व विधायक जय प्रकाश चतुर्वेदी, सुरेश तिवारी, अमित पुरी व गोपाल टंडन आदि भी उपस्थित रहे।
भाजपा का दलित वोटों के लिए सम्मेलन
भाजपा ने 25 अप्रैल को निरालानगर के माधव सभागार में सामाजिक न्याय का महासम्मेलन आयोजित किया है।
भाजपा नेता उदितराज की अध्यक्षता में यह सम्मेलन साढ़े तीन से साढ़े चार बजे तक होगा।
इसमें हर बूथ से कम से कम पांच लोग बुलाए गए हैं।