समाजवादी पार्टी में मचे घमासान पर केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने जमकर निशाना साधा। परिवर्तन रैली में राजनाथ ने कहा, सूबे की जनता को ‘दंगल’ नहीं, अब मंगल चाहिए। दंगल से प्रदेश का विकास नहीं होगा।
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा-अगर मंगल चाहिए तो विधान चुनाव में कम से कम 275 सीटों पर भाजपा को जिताने का संकल्प लेकर यहां से जाइए।
राजनाथ ने कहा, सपा और बसपा इस समय भाजपा से डरी हुई हैं। इसलिए वे गठबंधन का जुगाड़ खोज रही हैं। 70 सालों में प्रदेश की सत्ता सबसे ज्यादा समय तक कांग्रेस के अलावा सपा व बसपा के हाथों में रही, लेकिन यूपी का जितना विकास होना चाहिए था, उतना नहीं हुआ।
भाजपा शासन का जिक्र करते हुए कहा, भाजपा की सरकार ने कुछ दिनों में ही यूपी में सुशासन और विकास का राज स्थापित करने की शुरुआत की थी, लेकिन पर्याप्त समय नहीं मिला।
सुशासन के लिए सत्ता परिवर्तन जरूरी
राजनाथ बोले, सत्ता बसपा और सपा के हाथों में गई तो दोनों सरकारों ने सुशासन और विकास को वनवास दे दिया। सुशासन को वापस लाना है तो भाजपा को सत्ता में लाने के लिए परिवर्तन जरूरी है।
उन्होंने कहा, सपा व बसपा के राज में भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ा। कानून-व्यवस्था की हालत लगातार बिगड़ती गई। सपा पर हमला करते हुए कहा- पुलिस भर्ती में सूबे भर के नौजवानों के साथ इंसाफ नहीं किया गया। सिर्फ दो-तीन जिलों के लोगों का ही इंटरव्यू कराया गया था।
इसलिए प्रधानमंत्री ने इंटरव्यू व्यवस्था को ही खत्म कर नियुक्ति में भ्रष्टाचार खत्म करने की कोशिश की है। सर्टिफिकेट सत्यापन कराने केलिए नेताओं व अफसरों का चक्कर लगाने से युवकों को मुक्ति दिलाने के लिए प्रधानमंत्री ने स्वत: सत्यापन व्यवस्था लागू की है।
देशहित में लिया ऐतिहासिक व साहसिक फैसला
राजनाथ बोले, ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ व ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ समेत कई योजनाओं का जिक्र करते हुए राजनाथ ने कहा- राष्ट्रहित में मोदी ने नोटबंदी का साहसिक व ऐतिहासिक फैसला भी लिया है, लेकिन कुछ लोग इसका विरोध कर रहे हैं, क्योंकि वे नहीं चाहते कि भ्रष्टाचार खत्म हो।
किसानों की भलाई के लिए भी केंद्र ने कई योजनाएं शुरू की हैं, लेकिन राज्य सरकार केस्तर पर उस पर प्रभावी अमल नहीं किया जा रहा है।