केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने वादा किया कि अगर यूपी में भाजपा की सरकार बनती है तो हम अयोध्या का विकास कर इसे पूरी दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बना देंगे।
क्षत्रिय बोर्डिंग हाउस परिसर में जनसभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि खाट से उतरकर राहुल गांधी जिस साइकिल पर बैठे, उसे पहले ही मुलायम सिंह यादव पंक्चर कर चुके हैं।
सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सीएम बार-बार बोलते हैं कि मैने बहुत विकास किया। मेरा काम बोलता है। काम बोलता नहीं है बल्कि दिखता है। एक हाईवे क्या बना लिए, बार-बार उसी का गुणगान कर रहे हैं जबकि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में राजमार्गों का जाल पूरे देश में बिछा दिया गया लेकिन हम लोगों ने ढिंढोरा नहीं पीटा।