प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने रविवार को केंद्र व राज्य सरकार पर तंज कसा। कहा कि गाजीपुर में एक नहीं सौ प्रधानमंत्री आ जाएं, लेकिन राजभर झुकने वाला नहीं है। वे पिसावां कस्बे में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
राजभर ने कहा कि भगवान राम का साथ देने वाले वानरों को उनका अधिकार तीन युग बदलने के बाद भी नहीं मिला तो ये लोग गरीब दबे कुचले लोगों को क्या हक दिलाएंगे? उन्होंने कहा कि मंत्रियों व बड़े लोगों के बच्चे क से ‘कंप्यूटर’ पढ़ते हैं, जबकि गरीबों के बच्चे क से ‘कबूतर’ पढ़ते है, ऐसे में कैसे समानता आएगी।
कहा कि अनुसूचित जाति के बच्चों की तरह पिछड़ा वर्ग व सामान्य वर्ग के बच्चों को पढ़ाई में वरीयता मिलनी चाहिए। मंदिरों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां चढ़ने वाला चढ़ावा केवल खास वर्ग के पुजारी हड़प लेते हैं। जबकि पुजारी सभी वर्ग से बनना चाहिए।
उन्होंने कहा पुलिस बगैर पैसे लिए काम नहीं करती, क्योंकि सभी पुलिस कर्मी मोटरसाइकिल से चलते है। जबकि सरकार द्वारा उनको साइकिल के लिए केवल दो सौ रुपये मासिक भत्ता दिया जाता है। पुलिसकर्मी पंद्रह से बीस घंटे की ड्यूटी करते हैं। जबकि उनको वेतन आठ घंटे का ही दिया जाता।