30 साल तक बतौर निर्दलीय विधायक सियासी पारी खेलने वाले कुंडा (प्रतापगढ़) के विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया शुक्रवार को राजधानी के रमाबाई मैदान में आयोजित रैली में अपनी ताकत दिखाएंगे।
वैसे तो रघुराज केसमर्थकों ने इस रैली को ‘राजा भइया रजत जंयती अभिनंदन समारोह’ का नाम दिया है, लेकिन इस कार्यक्रम में राजा भइया अपनी प्रस्तावित नई पार्टी के नाम और एजेंडे की घोषणा कर सकते हैं। इस समारोह का आयोजन राजा भइया के राजनीतिक जीवन के 30 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।
समारोह के संयोजक पूर्व सांसद शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार को 10 बजे से ही समारोह शुरू हो जाएगा। जिसमें राजा भइया के गृह जिले प्रतापगढ़ के लिए अलावा प्रदेश के सभी जिलों से लोग आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि समारोह में प्रतापगढ़ के लोगों के लिए एक विशेष ट्रेन बुक कराई गई है, जो शुक्रवार को सुबह ही लखनऊ पहुंच जाएगी। उन्होंने दावा किया कि इस समारोह में एक लाख लोगों की भीड़ जुटने की संभावना है।