लखनऊ। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के प्रयागराज स्टेशनों पर रेलवे की टीम बिछड़े हुए लोगों को परिजनों से मिलवाने में अहम योगदान दे रही है। अब तक 195 लोगों को परिजनों से मिलवाया जा चुका है। 186 बीमार मुसाफिरों को उपचार भी दिया गया है।
लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि विभिन्न भाषाओं की जानकारी रखने वाले आरपीएफ के 1523 कर्मचारी प्रयाग जंक्शन, फाफामऊ एवं प्रयागराज संगम स्टेशन पर तैनात किए गए हैं, जो व्यवस्था संभालने के साथ ही बिछड़ने वालों को उनके परिजनों से मिलवाने में मदद कर रहे हैं। संदिग्धों की धरपकड़ के लिए तीन श्वान दलों व उनके छह हैंडलरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रयागराज से अयोध्या जाने वालों की भीड़
महाकुंभ स्नान के बाद अयोध्या जाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। परिवहन निगम को महाकुंभ मेला क्षेत्र से कई बसें अयोध्या के लिए डायवर्ट करनी पड़ रही हैं। इसी बीच शुक्रवार शाम से एक बार फिर महाकुंभ जाने वालों की भीड़ आलमबाग बस स्टेशन पहुंचने लगी है। अधिकारियों का कहना है कि अगले दो दिन काफी भीड़ रहेगी। निगम के प्रवक्ता अमरनाथ सहाय ने बताया कि अयोध्या जाने वाली बसें फुल चल रहीं हैं। कई अतिरिक्त बसें भी चलाई जा रही हैं। शुक्रवार को दिन भर स्थिति सामान्य रही, मगर शाम को भीड़ उमड़ी।