कथित बाबा वीरेन्द्र देव के लखनऊ आश्रम पर भी सोमवार को पुलिस ने छापेमारी की। हालांकि छापेमारी में पुलिस को कुछ खास नहीं मिला है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आश्रम में रहने वाली चार महिलाएं ताला बंद कर जा चुकी थी।
कथित बाबा के खिलाफ हाईकोर्ट से नियुक्त टीम द्वारा दिल्ली के रोहिणी में विशेष ऑपरेशन में 41 युवतियों को मुक्त कराया गया था। इसके बाद पूरे देश में कथित बाबा के आश्रमों पर छापेमारी शुरू की गई।
इसी कड़ी में सोमवार को सीओ गाजीपुर अवनीश्वर श्रीवास्तव और इंस्पेक्टर गाजीपुर गिरजा शंकर त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भूतनाथ मार्केट के चंद्रमा कॉम्प्लेक्स स्थित आश्रम में छापेमारी की। पुलिस को आश्रम पर ताला लगा मिला।
दिल्ली की महिला के नाम पर आश्रम
इंस्पेक्टर गाजीपुर गिरजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि श्याम मोहन अग्रवाल के चंद्रमा अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर कथित बाबा वीरेन्द्र का आश्रम चल रहा था। आश्रम की देखरेख के लिए दो बुजुर्ग और दो युवतियां यहां रहती थी।
आश्रम को दिल्ली विजय विहार निवासी रामकाली पटेल चला रही थी। स्कूल के लिए अपार्टमेंट के तीसरी मंजिल का किराएदारी एग्रीमेंट दिल्ली की रामकाली पटेल और फर्रूखाबाद के सिकतरबाद निवासी शोभना बी के नाम से है।