पहली बार रायबरेली सांसद सोनिया गांधी और अमेठी सांसद राहुल गांधी एक साथ अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों के दौरे पर होंगे। वहीं दोनों जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में हिस्सा लेकर विकास कार्यों की नब्ज टटोलेंगे। राहुल आज, जबकि सोनिया गांधी कल यानि 17 अप्रैल को अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंच रही हैं। मां-बेटे के आगमन को लेकर अमेठी और रायबरेली का प्रशासनिक अमला चौकन्ना हो गया है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरने के बाद रायबरेली होते हुए तिलोई विधानसभा क्षेत्र पहुंचेंगे। दो दिवसीय दौरे के पहले दिन वह तिलोई ब्लॉक क्षेत्र के रास्तामऊ गांव में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हाजी इम्तियाज अहमद खान द्वारा बनवाए ब्राइट वे पब्लिक स्कूल का उद्घाटन करेंगे। उनके आगमन को लेकर अमेठी प्रशासन चौकन्ना हो गया है।
अमेठी जिले के एएसपी वीसी दुबे, एसडीएम अशोक कुमार शुक्ला, सीओ बीनू सिंह ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी में बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया। रस्तामऊ में होने वाले कार्यक्रम स्थल का भी अफसरों ने जायजा लिया।
उधर, सांसद सोनिया गांधी 17 अप्रैल की शाम फुरसतगंज एयरपोर्ट पर उतरेंगी और सीधे भुएमऊ गेस्ट हाउस पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगी। 18 अप्रैल को कलेक्ट्रेट के बचत भवन में होने वाली जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में हिस्सा लेंगी।
राहुल 17 अप्रैल को अमेठी का दो दिनी दौरा खत्म कर भुएमऊ गेस्ट हाउस पहुंच जाएंगे। वह अपनी मां सोनिया गांधी के साथ जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम की पुष्टि सांसद सोनिया गांधी के प्रतिनिधि केएल शर्मा ने की। एएसपी शशिशेखर सिंह ने बताया कि सांसद सोनिया गांधी 17 और 18 अप्रैल को रायबरेली में रहेंगी। उनके दौरे को लेकर तैयारी की जा रही है।