लखनऊ में रोड शो के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर बरसे और नोटबंदी को लेकर जमकर हमला बोला।
अखिलेश यादव ने बसपा पर तंज कसे तो नोटबंदी को लेकर केंद्र की निंदा की। कहा कि केंद्र के इस फैसले ने लोगों को लाइन में खड़ा कर दिया। उन्होंने कांग्रेस से गठबंधन पर कहा कि साइकिल चलाने के लिए हाथ की जरूरत पड़ती है।
वहीं, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने नोटबंदी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले मोदी जी ने कहा कि हमारी लड़ाई भ्रष्टाचार और कालाधन के खिलाफ है, फिर कैशलेस की बात करने लगे।
राहुल ने कहा कि नोटबंदी के दौरान देश के सबसे अमीर 50 परिवारों का कोई भी व्यक्ति लाइन में नहीं खड़ा हुआ, सब गरीब लोग लाइन में खड़े थे। गरीब ईमानदार होता है। काला धन ललित मोदी के पास है, काला धन विजय माल्या के पास है।
सपा के साथ कांग्रेस के गठबंधन को उन्होंने गंगा-यमुना का संगम बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वादा किया कि इस बार फिर एक युवा यूपी का मुख्यमंत्री बनेगा। इस बार फिर अखिलेश यादव यूपी का मुख्यमंत्री बनेंगे।