लखनऊ। आरए बॉयज ने हेमवती नंदन बहुगुणा मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता में धमाकेदार आगाज करते हुए एलडीए क्लब को 4-0 से हराया। दिलकुशा ग्राउंड में खेली जा रही प्रतियोगिता में सोमवार को खेला गया मुकाबला एकतरफा रहा।
शुरुआत से ही आरए बॉयज के खिलाड़ियों ने प्रतिद्वंद्वी टीम पर हमलों की झड़ी लगा दी, जिसका फायदा टीम को खेल के 21वें मिनट में मिला। यहां यश ने साथी खिलाड़ी के पास पर खूबसूरत मैदानी गोल किया। दो मिनट के बाद यश एक बार फिर एक्शन में आए और उन्होंने एलडीए क्लब की रक्षापंक्ति को भेदते हुए टीम को 2-0 बढ़त दिलाई।
दो गोल से पिछड़ने के बाद एलडीए क्लब के खिलाड़ियों का तालमेल बिखर गया। 31वें मिनट में जन्मजेय ने मैदानी गोल दागते हुए आरए बॉयज क्लब को 3-0 से आगे कर दिया। मैच का आखिरी गोल खेल के 45वें मिनट में आया, जब आरए बॉयज से दीपक ने निर्णायक गोल दागा। इससे पहले प्रमोद शर्मा (नामित सदस्य, रक्षा मंत्रालय भारत सरकार) ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। मौके पर महेश बाल्मीकि, मो. नदीम और जिला फुटबाॅल एसोसिएशन के सचिव कन्हैया लाल मौजूद रहे।