सूबे में जैसे-जैसे चुनाव की गाड़ी आगे बढ़ रही है मतदान का प्रतिशत भी गिरता जा रहा है। हर चरण में मतदान प्रतिशत पहले से कम होता जा रहा है। अवध से पूर्वांचल में पहुंचते-पहुंचते मतदान का प्रतिशत और गिर गया। स्थिति यह रही कि छठे चरण में शनिवार को मतदाता सिर्फ 57.03 फीसदी ही मतदान कर सके।
प्रदेश के चुनाव की बात की जाए तो केवल दूसरे चरण का मतदान ही ऐसा था जिसमें मतदान प्रतिशत पहले से बढ़ा था। लेकिन इसके बाद से हर चरण में मतदान प्रतिशत गिरता चला गया। पहले चरण में 64.22 फीसदी मतदान हुआ था।
दूसरे चरण में यह बढ़कर 65.16 प्रतिशत हो गया था। जबकि तीसरे चरण में मतदान प्रतिशत गिरकर 61.16 प्रतिशत पर आ गया। चौथे चरण में यह प्रशित 60.37 पर रह गया। पांचवें चरण के चुनाव में केवल 57.36 प्रतिशत ही मतदान हुआ।
जबकि छठे चरण में मतदान प्रतिशत गिरकर 57.03 पर आ गया। वहीं, वर्ष 2012 में इन सात जिलों की 49 सीटों पर मतदाताओं ने 55.04 प्रतिशत मतदान किया था। वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में इन जिलों में 45.74 फीसदी वोट पड़े थे।
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में इन सीटों पर 54.72 प्रतिशत मतदान हुआ था। वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में इन सात जिलों में 45.08 फीसदी मतदान हुआ था।
किस जिले में कितना मतदान
जिला 2017 2012 2007
आजमगढ़ 56.38 54.10 44.07
बलिया 55.57 52.90 46.72
देवरिया 54.89 51.88 40.53
गोरखपुर 56.89 52.75 48.12
कुशीनगर 58.08 56.74 43.54
महराजगंज 60.80 60.82 48.86
मऊ 58.75 56.10 48.34