लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन दशहरा, दीपावली व छठ के अवसर पर नागपुर से समस्तीपुर के लिए वाया लखनऊ स्पेशल ट्रेन चलाएगा। इससे वेटिंग के संकट से जूझ रहे यात्रियों को राहत मिलेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेन 01207 नागपुर-समस्तीपुर साप्ताहिक पूजा स्पेशल 24 सितंबर से 26 नवंबर तक हर बुधवार को नागपुर से सुबह 10:40 बजे चलकर इटारसी, झांसी होते हुए अगली सुबह ऐशबाग से 6:05 बजे होते हुए गोंडा, गोरखपुर के रास्ते समस्तीपुर रात 9:30 बजे पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन 01208 समस्तीपुर-नागपुर साप्ताहिक पूजा विशेष 25 सितंबर से 27 नवंबर तक हर बृहस्पतिवार को समस्तीपुर से रात 11:45 बजे चलकर दूसरे दिन छपरा, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा होते हुए ऐशबाग दोपहर 12:00 बजे होते हुए अगली सुबह सात बजे नागपुर पहुंचेगी। ट्रेन में स्लीपर और जनरल के छह-छह, थर्ड एसी के चार कोच होंगे।