बंथरा के गौरीशंकर खेड़ा गांव में डाला चालक के घर के बाहर प्रदर्शन के दौरान जुटे ग्रामीण।
सरोजनीनगर। बंथरा के गौरीशंकर खेड़ा गांव में करंट से डाला चालक विनोद कुमार रावत (40) की माैत होने से नाराज परिजनों ने बृहस्पतिवार शाम उनका शव घर में रखकर प्रदर्शन किया। उन्होंने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। उन्होंने मुआवजे और बिजली विभाग पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। शुक्रवार दोपहर जेई शैलेंद्र और तहसीलदार जेपी सिंह ने मौके पर पहुंचकर आश्वासन दिया और अंतिम संस्कार कराया।
अंतिम संस्कार के बाद परिजनों ने बंथरा थाने में बिजली विभाग की ओर से तहरीर भी दी। इंस्पेक्टर राणा राजेश सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। साक्ष्य मिलने के बाद ही एफआईआर दर्ज की जाएगी।
परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह 11 हजार वोल्ट के बिजली के खंभे के अर्थिंग तार की चपेट में आने से विनोद की मौत हो गई थी। आरोप है कि उन्होंने गहरू पावर हाउस को कॉल कर घटना की सूचना दी और जांच की मांग की। फिर भी काफी देर तक बिजली विभाग का कोई अधिकारी नहीं आया।
बंथरा के गौरीशंकर खेड़ा गांव में डाला चालक के घर के बाहर प्रदर्शन के दौरान जुटे ग्रामीण।