लखनऊ के नाका इलाके में शुक्रवार को हुई हत्या के विरोध में व्यापारियों ने नाका से चारबाग तक भीषण जाम लगा दिया। मरने वाले व्यापारी के परिवारवाले और साथी व्यापारी प्रदर्शन करने के लिए थाने पहुंच गए।
सड़क पर भारी संख्या में लोगों के प्रदर्शन से भीषण जाम की स्थिति पैदा हो गई। बता दें कि गुरुनानक मार्केट में शुक्रवार भरी दोपहरी में होटल कारोबारी व शुभम लॉज के मालिक मुकेश मनवानी (40) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
घटना के बाद से ही बवाल थम नहीं रहा है। आक्रोशित व्यापारियों ने आरोपी की दुकान पर धावा बोलकर वहां तोड़फोड़ के बाद आगजनी की कोशिश भी की थी।
इस मामले में मुख्य आरोपी आर्यनगर निवासी बलबीर सिंह दुआ उर्फ शिंकू को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में उसके साथ शामिल राजेंद्र सिंह दुआ, जसवीर सिंह, मंजीत, शेरू और पारुल की तलाश में दबिश दी जा रही है।