लखनऊ। ठाकुरगंज की रिंग रोड चौकी के पास मंगलवार दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर विपिन विश्वकर्मा की हत्या के पीछे कमीशन का विवाद सामने आ रहा है। एसीपी चौक आईपी सिंह ने बताया कि विपिन, हत्या के आरोपी प्रॉपर्टी डीलर सुशील यादव के प्लॉट बेचता था। प्लाट के कमीशन को लेकर ही उसका सुशील से झगड़ा चल रहा था। फिलहाल, आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश मे पुलिस की तीन टीमें गैर जनपद भेजी गई हैं। इसके अलावा छह संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है।
एसीपी ने बताया कि विपिन और सुशील के बीच कमीशन के रुपयों को लेकर काफी समय से झगड़ा चल रहा था। रविवार को भी इसी बात को लेकर दोनों की कहासुनी हुई थी जिसमें सुशील ने विपिन का मोबाइल फोन छीन लिया था। मंगलवार को मोबाइल फोन देने के बहाने उसे बुलाकर सुशील और उसके साथियों ने विपिन की गोलियां मारकर हत्या कर दी। आरोपी घर से भागे हुए हैं। इस बीच बुधवार सुबह विपिन का शव घर पहुंचा तो रोना-पीटना मच गया। दोपहर को परिवारीजनों ने गुलालाघाट पर विपिन के शव का क्रियाकर्म किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान सांसद के बेटे समेत अन्य राजनीतिक व्यक्ति पहुंचे थे।
मालूम हो कि दुबग्गा के माधोपुर निवासी प्रापर्टी का काम करने वाला 24 वर्षीय विपिन अपने दोस्त सूरज रावत के साथ कनक सिटी के पास प्लाट देखने गया था तभी इलाके के लालाबाग रमना में रहने वाले प्रापर्टी डीलर सुशील यादव, उसके भतीजे रिशू यादव और दो अन्य लोगों ने उसे घेरकर गोलियां मार दी थीं। विपिन के सिर के आगे और पीछे दो गोलियां आरपार हो गई थीं। विपिन के भाई नितिन की तरफ से एफआईआर दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।