लखनऊ। शहर में तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इनमें प्रॉपर्टी डीलर, श्रमिक और ऑटो चालक शामिल हैं। पुलिस इन मामलों की जांच कर रही है।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्र के अनुसार, कमता अजयनगर निवासी प्रॉपर्टी डीलर अखिलेश यादव (31) ने बृहस्पतिवार रात पत्नी महिमा से शराब को लेकर हुए विवाद के बाद पंखे से दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी।
शुक्रवार सुबह उनका शव लटका मिला। परिवार में पत्नी और एक बच्चा है। इसके अलावा माल के भीम टोला निवासी श्रमिक मिथलेश (25) ने भी शुक्रवार दोपहर घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों के अनुसार, 15 दिन पहले पत्नी सोनिका से हुए विवाद के बाद वह मायके चली गई थी। शुक्रवार को जब मिथलेश उसे लेने ससुराल गया तो पत्नी ने आने से मना कर दिया। इसके बाद उसने यह कदम उठाया। मिथलेश के परिवार में मां और बड़े भाई मिथुन हैं। इंस्पेक्टर माल नवाब अहमद ने परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है।
वहीं, पीजीआई के हैबतमऊ मवैया निवासी ऑटो चालक अमन थापा (23) ने शुक्रवार सुबह घर के कमरे में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों ने अनुसार, अमन चार दिन पहले नया ऑटो खरीदकर लाया था।