सरोजनीनगर। बंथरा के गोंदौली गांव निवासी प्रॉपर्टी डीलर प्रताप सिंह (43) ने मंगलवार रात आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उन्होंने 40 लाख रुपये उधार देने और वापस न मिलने की बात लिखी थी।
एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने बताया कि प्रताप ने गांव निवासी रतन की आम की फसल खरीदी थी। वह अपने 17 वर्षीय बेटे उत्कर्ष के साथ रात में बाग की रखवाली करते थे। मंगलवार को प्रताप ने बाग के पास भंडारे का आयोजन किया था। आयोजन के बाद वह अकेले ही बाग चले गए। रात करीब 8:30 बजे उत्कर्ष बाग पहुंचा तो उसने पिता को आम के पेड़ से लटका पाया। उसने तुरंत परिवार को घटना की जानकारी दी। बंथरा पुलिस ने जांच के दौरान सुसाइड नोट बरामद किया। नोट में सराफा कारोबारी व कुछ अन्य लोगों पर 40 लाख रुपये न लौटाने का आरोप था।
घरवालों ने नहीं दी तहरीर
एसीपी ने बताया कि पुलिस ने सुसाइड नोट कब्जे में ले लिया है। इसकी गहन जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक प्रताप के घरवालों ने कोई तहरीर नहीं दी है। शिकायत मिलने और जांच के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।