उत्तर प्रदेश में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के जोनल कार्यालय ने एनआरएचएम घोटाले के आरोपी दवा कारोबारियों की 90 लाख रुपये की संपत्तियों को जब्त किया है। संपत्तियां में एसके पांडे और एके शुक्ला के नाम पर 68.62 लाख रुपये मूल्य के सात बैंक डिपाजिट, निरुपमा पांडे के नाम पर 10.16 लाख रुपये मूल्य का एक मकान और एसएन गुप्ता के नाम पर 11.06 लाख रुपये मूल्य की एक जमीन शामिल है। सभी संपत्तियां लखनऊ और वाराणसी में स्थित हैं।
ईडी ने वर्ष 2012 में केंद्रीय जांच ब्यूरो द्वारा एनआरएचएम घोटाले में दर्ज की गईं तमाम एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की थी। इसमें एसके डिस्ट्रीब्यूटर्स के प्रोपराइटर एसके पांडे, सनी एंड कंपनी के प्रोपराइटर एके शुक्ला, जय गणेश ट्रेडर्स की प्रोपराइटर निरुपमा पांडे, श्याम मेडिकल एजेंसी के प्रोपराइटर एसएन गुप्ता और अन्य आरोपी हैं।
सरकार को 1.14 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ
वर्ष 2005 से 2011 तक सरकारी नियमों और प्रक्रियाओं का उल्लंघन करते हुए सरकारी अस्पतालों के लिए दवाओं एवं उपकरणों की आपूर्ति का आदेश हासिल किया। उन्होंने वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर और चंदौली के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों के साथ मिलीभगत कर ऊंची दरों पर सामान की आपूर्ति की। इससे सरकार को 1.14 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।