लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू दक्षिण भारतीय इतिहास कांग्रेस के 45वें वार्षिक अधिवेशन में जनरल प्रेसिडेंट की भूमिका निभाएंगे। तीन दिवसीय अधिवेशन 13 से 15 नवंबर तक तेलंगाना के नलगोंडा स्थित महात्मा गांधी विश्वविद्यालय में होगा।
दक्षिण भारतीय इतिहास कांग्रेस की कार्यकारी समिति ने प्रो. विक्टर बाबू को सर्वसम्मति से इस जिम्मेदारी के लिए नामित किया है। उनका चयन इतिहास के क्षेत्र में शैक्षणिक और शोध संबंधी योगदान के साथ ही संगठन से लंबे समय से जुड़े रहने के आधार पर किया गया है। अधिवेशन में देशभर के इतिहासकार, शिक्षाविद्, शोधार्थी और विद्यार्थी शामिल होंगे। इस दौरान ऐतिहासिक अध्ययन, शोध और इतिहास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। जनरल प्रेसिडेंट के रूप में प्रो. विक्टर बाबू का अध्यक्षीय संबोधन भी होगा।