प्रो. अजय तनेजा
- फोटो : amar ujala
ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय को तीन महीने के इंतजार के बाद नियमित कुलपति मिल गया। डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा में प्रतिकुलपति प्रो. अजय तनेजा को भाषा विश्वविद्यालय के कुलपति पद की जिम्मेदारी दी गई है। कुलाधिपति राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बृहस्पतिवार को इसका आदेश जारी कर दिया। प्रो. तनेजा को पदभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष तक के लिए कुलपति पद की जिम्मेदारी दी गई है।
भाषा विश्वविद्यालय में कुलपति रहे प्रो. एनबी सिंह को 10 जनवरी को राजा महेंद्र प्रताप सिंह अलीगढ़ विश्वविद्यालय का कुलपति बनाया गया था। इसके बाद से यहां कुलपति का पद रिक्त हो गया था। विश्वविद्यालय का कार्य प्रभावित न हो सके इसके लिए राज्यपाल की ओर से एकेटीयू के कुलपति प्रो. जेपी पांडेय को भाषा विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति की जिम्मेदारी दी गई थी। वर्तमान में वह ही विश्वविद्यालय का कार्यभार देख रहे हैं।
ये होंगी चुनौतियां: भाषा विश्वविद्यालय में पूर्व कुलपति माहरूख मिर्जा के समय हुई नियुक्तियों में धांधली और गड़बड़ियों पर कुलपति एनबी सिंह ने कार्रवाई करते हुए कई शिक्षकों के खिलाफ सेवा समाप्ति की कार्रवाई की थी। इसमें पूर्व कुलपति प्रो. मिर्जा भी शामिल हैं। इन सभी ने राहत के लिए उच्च न्यायालय में अपील की है। इसके अलावा दो शिक्षकों पर कार्रवाई के खिलाफ राजभवन से कार्यपरिषद की कार्रवाई को गलत ठहराया गया है।
प्रवेश प्रक्रिया को मिलेगी गति: राज्य के ज्यादातर विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले को लेकर प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है लेकिन भाषा विश्वविद्यालय में अब तक प्रवेश के लिए आवेदन नहीं शुरू हो सके हैं। नियमित कुलपति के ज्वाइन करने के बाद इस बात की ज्यादा संभावना जताई जा रही है जल्द ही यहां पर आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।