बीएड की प्रवेश काउंसलिंग में वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) और चॉइस फिलिंग स्टूडेंट्स के लिए सिरदर्द बन गई है। पहले दिन 5 जून को काउंसलिंग करवाने वाले स्टूडेंट्स भी अभी तक पासवर्ड न मिल पाने से चॉइस नहीं भर पा रहे हैं। इसके बाद काउंसलिंग करवाने वाले सैकड़ों स्टूडेंट का भी यही हाल है।
10 जून तक सभी के लिए चॉइस फिलिंग का समय बढ़ाया गया है मगर पहले दिन काउंसलिंग करवाने वाले स्टूडेंट्स को सीट अलॉट न हो पाने से आगे के स्टूडेंट भी अपनी प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं। यूनिवर्सिटी, एडेड कॉलेज व प्राइवेट कॉलेजों में बीएड की सीटें जो पहले दिन चॉइस फिलिंग में खुल रही थीं, वे अभी भी दिखाई दे रही हैं।
इससे स्टूडेंट भी भ्रम में हैं। मंगलवार को काउंसलिंग के लिए बुलाए गए अभ्यर्थियों में से 50 प्रतिशत ने ही काउंसलिंग करवाई।
काउंसलिंग के लिए आर्ट्स कॉलेज में पहले केंद्र पर 600 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था जिसमें से 315 अभ्यर्थी ही पहुंचे। वहीं दूसरे केंद्र पर 600 में से 288 ने ही काउंसलिंग करवाई।
समन्वयक प्रो. अजय मिश्रा ने बताया कि काउंसलिंग में करीब 50 फीसदी अभ्यर्थी ही आए थे। यहां पर पहले दिन 5 जून को काउंसलिंग करवाने आए काफी अभ्यर्थी पहुंचे और उन्होंने बताया कि पासवर्ड न मिल पाने के कारण वे चॉइस लॉक नहीं कर पा रहे हैं जिससे इनकी सीटें अलॉट नहीं हो पा रही हैं।