इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के आह्वान पर राजधानी के सभी प्राइवेट अस्पताल, नर्सिंग होम, डायग्नोस्टिक सेंटर और क्लीनिक शुक्रवार को बंद रहेंगे।
इलाहाबाद में डॉ. रोहित गुप्ता पर जानलेवा हमले के विरोध में, मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट को प्रभावी रूप से लागू करने और विभिन्न पंजीकरण के माध्यम से हो रहे उत्पीड़न के विरोध में डॉक्टरों ने कामकाज ठप कर शुक्रवार को प्रदर्शन का फैसला किया है।
एसोसिएशन ऑफ प्राइवेट मेडिकल प्रैक्टिसनर्स, लखनऊ एसोसिएशन ऑफ पैथोलॉजिस्ट एंड माइक्रोबॉयोलॉजिस्ट हड़ताल में शामिल हैं। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ ने भी चिकित्सकों को नैतिक समर्थन दिया है।
हालांकि आईएमए ने दावा किया है कि गंभीर रोगियों के लिए इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी। आईएमए अध्यक्ष डॉ. रुखसाना खान ने बताया कि मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट को प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया गया है।
इसी वजह से इलाहाबाद में डॉ. रोहित गुप्ता पर हमला करने वाले जमानत पर रिहा हो गए। ऐसे में चिकित्सकों के सामने हड़ताल के अलावा कोई और चारा नहीं है।