सम्मेलन में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक को मांग पत्र देते एसोसिएशन के पदाधिकारी। -संवाद
लखनऊ। सहायता प्राप्त माध्यमिक एडेड इंटर कॉलेजों में पदोन्नति पाकर वर्षों से प्रधानाचार्य का कार्यभार संभाल रहे शिक्षकों को अब तक स्थायी नियुक्ति नहीं मिल सकी है। इसको लेकर प्रधानाचार्यों में नाराजगी है। शुक्रवार को सहकारिता भवन में आयोजित प्रधानाचार्य वेलफेयर एसोसिएशन के प्रांतीय सम्मेलन में यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से प्रधानाचार्यों ने कहा कि सरकार को इस दिशा में शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। संगठन के अध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि प्रदेश के लगभग तीन हजार वरिष्ठतम शिक्षक वर्षों से प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत हैं, लेकिन अब तक उनकी पदोन्नति को स्थायीत्व नहीं मिला है। इस पर उपमुख्यमंत्री ने सभी को आश्वस्त किया कि वे इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से बात करेंगे। सम्मेलन में कोषाध्यक्ष नरेश कुमार, रूमा देवी, संजय भारती, अजय कुमार, वीरेंद्र कुमार, अरविंद वर्मा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।